गुरुवार, 1 दिसंबर 2016

रियल चैम्पियन आदिल अंसारी

 जो मन में ठाना उसे कर दिखाया, अब नजरें टोक्यो पैरालम्पिक पर
मन में उमंग और जीवन में कुछ करने की चाहत हो तो अपंगता भी प्रगति में आड़े नहीं आती। इस क्रम में अवरोध तब पैदा होता है, जब निजी अक्षमता को लेकर मनुष्य अपनी सामर्थ्य को कम करके आंकना शुरू कर देता है। सच्चाई यह है कि उसकी असमर्थता शारीरिक कम, मानसिक ज्यादा होती है। भौतिक अंग-अवयवों की कमी किसी की प्रतिभा के प्रकट-प्रत्यक्ष होने में उतनी बाधा पैदा नहीं करती, जितनी कि मन की हताशा। अपने 35 साल के जीवन में राइडिंग में दो नेशनल लिम्का बुक आफ रिकार्ड अपने नाम कर चुके रियल चैम्पियन आदिल अंसारी दुनिया के दिव्यांगों को संदेश देते हुए कहते हैं कि शरीर के किसी हिस्से के निःशक्त हो जाने से जिन्दगी खत्म नहीं हो जाती लिहाजा दिव्यांगता को कमजोरी नहीं अपनी ताकत बनाएं। तैराकी और राइडिंग में अपार सफलता के बाद आदिल का अगला लक्ष्य टोक्यो पैरालम्पिक है, जिसमें वह अपने धनुष-बाण से अचूक निशाने साधते हुए मादरेवतन का नाम रोशन करना चाहते हैं।
13 मार्च, 1981 को थाणे जिले के भिवंडी में जन्मे इस शख्स ने भी बचपन में बहुत सारे सपने देखे थे। 16 मई, 2002 को दोस्तों के साथ खड़वली नदी में पिकनिक मनाने गये आदिल अंसारी का सिर नदी में गोता लगाते एक पत्थर से टकरा गया और उनकी गर्दन और रीढ़ की हड्डी टूट गई। आदिल को गम्भीर हालत में मुम्बई के हरिकिशन दास हास्पिटल में भर्ती कराया गया। वह 28 दिन तक वेंटिलेटर पर जीवन और मौत से जूझते रहे। आदिल की जान तो बच गई लेकिन वह 90 फीसदी शारीरिक अक्षम हो गए। कोई तीन साल तक बिस्तर में पड़े रहे आदिल अंसारी ने अपने लिए कुछ लक्ष्य तय किए। लक्ष्य आसान नहीं थे लेकिन उनकी दृढ़-इच्छाशक्ति पक्की थी। आदिल को बचपन से ही खेलों में दिलचस्पी थी लिहाजा उन्होंने ह्वीलचेयर को अपना मददगार तो माना लेकिन ताउम्र की मंजिल कदाचित नहीं। आदिल ने अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए सबसे पहले स्वावलम्बी बनने का निश्चय किया। इसके लिए उन्होंने अपने भाई के साथ डेयरी फार्म खोला और सफलता की राह चल निकले। आदिल को दिव्यांगों के प्रति सहानुभूति दिखाने वालों से चिढ़ है। उनका मानना है कि निःशक्तों की दयनीय स्थिति पर चिन्ता प्रकट करना उसके उत्साह और मनोबल को तोड़ने के समान है। यह सच भी है यदि किसी के मन में हीनभावना घर कर जाए तो वह पूरी जिन्दगी उससे उबर नहीं पाता और पराश्रित जीवन ही जीता है।
आदिल अंसारी ने अपनी कठिन मेहनत से अपंगता को किसी भी क्षेत्र में आड़े नहीं आने दिया। चूंकि खेलों में इनकी अभिरुचि बचपन से ही थी सो उन्होंने न केवल तैरना सीखा बल्कि नवम्बर 2014 में इंदौर में हुई 14वीं राष्ट्रीय पैरालम्पिक तैराकी चैम्पियनशिप की 50 मीटर फ्रीस्टाइल और बैकस्ट्रोक स्पर्धा में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। आदिल अंसारी महाराष्ट्र स्टेट पैरालम्पिक स्वीमिंग एसोसिएशन के सदस्य भी हैं। आदिल कहते हैं कि अपंगता का अभिशाप कष्टदायक है। यह सच है, पर हमारी निजी सोच उसे और कष्टदायक बना देती है, यह भी गलत नहीं है। अपाहिज व्यक्ति यह मान बैठता है कि वह किसी काम का नहीं, उसका जीवन निरर्थक है। इसमें उसकी शारीरिक अक्षमता की तुलना में मानसिक हताशा ही अधिक झलकती है। मन यदि कमजोर हुआ, तो शरीरबल से समर्थ व्यक्ति भी किसी कार्य को कर पाने में असफल साबित होता है। इसके विपरीत देह दुबली हो, त्रुटिपूर्ण अथवा अपूर्ण हो, लेकिन मनोबल और उत्साह चरम पर हो, तो कायिक कमी भी कार्य की सफलता में बाधा उत्पन्न नहीं कर पाती और कठिन से कठिन काम सरल प्रतीत होने लगते हैं। इसलिए शारीरिक पूर्णता की तुलना में हमें मानसिक समर्थता पर अधिक भरोसा करना चाहिए।
आदिल अंसारी जो कहते हैं उसे कर दिखाने का प्रयास भी करते हैं। देखा जाए तो देश की लगभग सात फीसदी आबादी किसी न किसी तरह की दिव्यांगता का शिकार है। इनमें से हजारों हजार ऐसे हैं जिन्होंने दिव्यांगता को ही अपनी ताकत बनाया है। आदिल अंसारी उन्हीं में से एक हैं। वैसे तो भारत में सैकड़ों दिव्यांग खिलाड़ी किसी न किसी खेल में देश का नाम रोशन कर रहे हैं लेकिन एक साथ तीन-तीन खेलों में महारत हासिल करना आसान बात नहीं कही जा सकती। आदिल अंसारी लाजवाब स्वीमर, कामयाब राइडर और अचूक धनुर्धर हैं। भिवंडी का यह जांबाज 90 फीसदी दिव्यांग होने के बावजूद सात दिन में 6016 किलोमीटर कार ड्राइविंग का नेशनल लिम्का बुक आफ रिकार्ड अपने नाम करने वाला पहला शख्स है। आदिल अंसारी ने अपनी इस मुहिम की शुरुआत 29 जनवरी, 2015 को मुम्बई के सांताक्रुज डोमेस्टिक एयरपोर्ट से की थी। सात दिन 12 घण्टे, 30 मिनट में 6016 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद पांच फरवरी, 2015 को शाम साढ़े आठ बजे आदिल जैसे ही सांताक्रुज पहुंचे लोगों ने उन्हें गले से लगा लिया। आदिल कहते हैं कि मुम्बई ही नहीं उनकी दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में भी लोगों ने खूब हौसला-अफजाई की। आदिल ने तीन दिसम्बर 2013 को पहली बार मोडीफाई ऐक्टिवा स्कूटर चलाकर लोगों को हैरत में डाला था। भिवंडी के इस हीरो के नाम 14 घण्टे में 300 किलोमीटर स्कूटर चलाने का नेशनल लिम्का बुक आफ रिकार्ड भी दर्ज है।

तैराकी और राइडिंग में कमाल का प्रदर्शन कर चुके आदिल अंसारी अचूक धनुर्धर हैं। इस तीरंदाज ने हरियाणा के रोहतक में 12 से 15 मई, 2016 तक हुई पहली सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में अपने अचूक निशानों से न केवल खेलप्रेमियों का दिल जीता बल्कि स्वर्ण पदक से अपना गला भी सजाया। आदिल अंसारी का धनुष-बाण पुराना है, उनके पास इतना पैसा नहीं है कि वह नई तकनीक से लैश नया धनुष-बाण खरीद सकें फिर भी वह बैंकाक में होने वाली एशियन तीरंदाजी प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर 2020 में टोक्यो में होने वाले पैरालम्पिक में शिरकत करने का लक्ष्य बना चुके हैं। आदिल को हुकूमतों से मलाल है। वह कहते हैं कि सफल दिव्यांग की बलैयां लेकर लोग अपना उल्लू तो सीधा कर लेते हैं पर एक आम दिव्यांग मदद की ही बाट जोहता रह जाता है। हमारी हुकूमतों को इस दिशा में गम्भीरता से विचार करना चाहिए कि आखिर आजादी के सात दशक बाद भी दिव्यांग लाचार और निराश क्यों है।       

बुधवार, 30 नवंबर 2016

60 साल में किया हजारों दिव्यांगों का उद्धार


अपंग कल्याणकारी शिक्षण संस्था और संशोधन केन्द्र
पढ़ाना और आगे बढ़ाना ही है संस्था का मुख्य उद्देश्य
भारत में दो करोड़ 70 लाख दिव्यांगों की मदद को वैसे तो बहुत सारी संस्थाएं काम कर रही हैं लेकिन कुछ संस्थाएं ऐसी भी हैं जिनका कामकाज दिव्यांगों के लिए मील का पत्थर साबित हुआ है। 60 साल पहले पुणे में खुले अपंग कल्याणकारी शिक्षण संस्था और संशोधन केन्द्र से अब तक हजारों दिव्यांग लाभान्वित हो चुके हैं। पुणे की यह संस्था विकलांगों के लिए न केवल श्रेष्ठ कार्य कर रही है बल्कि दूसरों के लिए एक नजीर भी है। इस संस्था के अब तक के सफर पर संस्था के कार्याध्यक्ष तथा पुणे के एडवोकेट मुरलीधर कचरे ने जो कुछ बताया वह वाकई सराहनीय है।
प्रश्न- अपंग कल्याणकारी शिक्षण संस्था व संशोधन केन्द्र की स्थापना किस प्रकार हुई।
उत्तर- छह नवम्बर, 1956 को संस्था की स्थापना का निर्णय लिया गया। उद्धरेदात-तिमनात्मानम हमारी संस्था का नारा है। दरअसल जिस समय इस संस्था की स्थापना हुई उस समय देश में पोलियो अपना रौद्र रूप दिखा रही थी। साक्षरता के अभाव में लोग अपने नौनिहालों को पोलियो ड्राप पिलाने से डरते थे। इन स्थितियों को देखते हुए समाजसेवक रघुनाथ काकड़े जी ने विकलांग छात्रों के लिए इस संस्था का श्रीगणेश किया। कोथरुड के भालेराव बंगले में यह संस्था खोली गई। इसके बाद 1959 में वानवड़ी परिसर में संस्था का काम शुरू हुआ। संस्था ने विकलांग विद्यार्थियों के लिए काम करना तय किया और 1985 में छात्रों के लिए छात्रावास तथा 1991 में छात्राओं के लिए छात्रावास शुरू हुआ। इससे पहले जिला परिषद के स्कूल में छात्र पढ़ने जाते थे। अब यहीं पहली से सातवीं कक्षा तक बच्चों को पढ़ाया जाता है। आठवीं से लेकर दसवीं तक के छात्र अन्य हाईस्कूल में जाते हैं। पाठशाला के लिए इमारत, लड़के-लड़कियों का छात्रावास, चिकित्सालय, सांस्कृतिक सभागृह, ग्रंथालय, बच्चों को खेलने के लिए मैदान जैसी अनेक सुविधाएं साढ़े तीन एकड़ जमीन पर की गई हैं। विद्यार्थी स्वावलम्बी बनें इसलिए यहां उन्हें विविध कलाएं सिखाई जाती हैं। इनमें हस्तकला, सिलाई, ई-लर्निंग, बढ़ई का काम, कम्प्यूटर प्रशिक्षण जैसे विविध विषय शामिल हैं। यहां अध्ययनरत छात्रों को भोजन, निवास, इलाज, शिक्षा जैसी सुविधाएं निःशुल्क दी जाती हैं। यहां 85 लड़कियां और 165 लड़के अध्ययन करते हैं जिनमें दूसरे राज्य के विद्यार्थियों का भी समावेश है। विकलांग छात्रों के लिए निवास, भोजन, चिकित्सा, शल्यक्रिया, शिक्षा जैसी सारी सुविधाएं यहां निःशुल्क उपलब्ध हैं। छह विद्यार्थियों से शुरू हुई इस संस्था में आज 250 विद्यार्थी हैं।
प्रश्न- आप इस संस्था से कैसे जुड़े।

उत्तर- हम लोग पुणे से ही हैं। पुणे के पास वानवड़ी में मेरा जन्म हुआ। मेरा बचपन यहीं पर गुजरा। मेरे पिताजी किसान थे और मां गृहिणी थीं। हमारी किराने की दुकान थी। पहली से लेकर सातवीं तक की मेरी शिक्षा वानवड़ी के महापालिका स्कूल में हुई। उसके बाद आठवीं से लेकर ग्यारहवीं तक मैं कैम्प एज्यूकेशन में पढ़ा। उसके बाद गरवारे कॉलेज में प्रवेश लिया और 1977 में कॉमर्स शाखा से स्नातक हुआ। मुझे वकील बनना था इसलिए मैंने बी.काम के बाद आईएलएस विधि महाविद्यालय में प्रवेश लिया। 1981 में वकालत की शिक्षा पूरी की। उसके बाद वकालत करना शुरू किया। अनेक मुकदमे लड़े। ग्वालियर की राजमाता विजयाराजे सिंधिया के परिवार का मैं पारिवारिक वकील नियुक्त किया गया। इसके कारण सारी पार्टियों के राजनीतिज्ञों के साथ नजदीकी सम्बन्ध बने। इसी समय यानी 1986 में मैं इस संस्था से जुड़ा। संस्था की जानकारी मुझे पहले से ही थी। जिला परिषद के स्कूल में पढ़ते समय इस संस्था के छात्र मेरे साथ पढ़ते थे। तब संस्था की अपनी स्वयं की पाठशाला नहीं थी। उस वक्त मैं अपने विकलांग मित्रों को त्योहारों पर घर बुलाता था। बचपन से वही संस्कार मिले, उसी प्रकार मैं संघ-संस्कारों में पला-बढ़ा। कुछ साल प्रचारक के रूप में काम किया। संघ के संस्कार हैं कि हमें समाज के लिए कुछ करना चाहिए। इसी संस्कार के कारण मैं इस संस्था में काम करने हेतु प्रेरित हुआ। मैं पिछले तीस साल से यहां कार्यरत हूं।
प्रश्न- यह संस्था चलाने के पीछे आपका उद्देश्य क्या है।
उत्तर- दिव्यांग विद्यार्थियों के मन में उत्साह निर्माण करना, उनको स्वावलम्बी बनाना, जो छात्र बचपन से घुटनों के बल हमारे पास आया है, उसे चलना सिखाना, हम भी सामान्य हैं, अलग नहीं यह भावना उनके मन में उत्पन्न करना हमारा प्रमुख उद्देश्य है। इस उद्देश्यपूर्ति के लिए हम विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम करते हैं। गणेशोत्सव, दीवाली जैसे त्योहार मनाते हैं। लम्बी सैर करते हैं। कई छात्रों को लेकर जब हमने कश्मीर के सफर का आयोजन किया था तब कइयों को आश्‍चर्य हुआ कि विकलांग व्यक्ति इतने ठंडे वातावरण में कैसे रह पाएंगे, उन्हें तकलीफ हुई तो- जैसे सवाल खड़े हुए, पर किसी भी तकलीफ के बगैर उन विद्यार्थियों ने उस सैर के मजे लूटे। यात्रा काफी आनंददायी रही।
प्रश्न- इन विद्यार्थियों का खर्च, कर्मचारियों का वेतन जैसा आर्थिक नियोजन आप किस प्रकार करते हैं।
उत्तर- हमारी संस्था का पूरा भार हमारे दानदाताओं पर है। अनेक दाताओं ने हमें धनराशि दी, उसी से सारा कामकाज चल रहा है। हमारा काम, पारदर्शिता, निर्मल व्यवहार, पैसे का यथोचित खर्च देखकर लोग स्वप्रेरणा से धन देते हैं। रोटरी क्लब जैसी संस्थाएं भी मदद देती हैं। हमें दान तो चाहिए पर दया या सहानुभूति की भावना से नहीं। शासन की ओर से हमें अनुदान प्राप्त होता है। एक छात्र के लिए प्रति महीना 900 रुपये अनुदान मिलता है। एक छात्र का महीने का खर्च 3500 से 4000 रुपये तक है। यह खर्च संस्था करती है। संस्था में अध्यापक, चपरासी, चौकीदार, मददगार जैसे कुल 65 कर्मचारी हैं, उनमें से 35 लोगों का वेतन शासन देता है। शेष कर्मचारियों को संस्था पारिश्रामिक देती है। हमारे विश्‍वस्तमंडल का एक भी व्यक्ति वेतन या परिश्रामिक नहीं लेता। हम समाजसेवा के तौर पर यह काम करते हैं।
प्रश्न- आपने कहा की इन छात्रों पर शल्यक्रियाएं की जाती हैं, वे किस प्रकार की होती हैं।
उत्तर- कई छात्र शल्यक्रिया के बाद चलने लगते हैं। बैसाखी, ह्वीलचेयर, कृत्रिम हाथ-पैर जैसे साधन हम छात्रों को बिना मूल्य देते हैं। डॉ. विलास जोग, डॉ. सतीश जैन जैसे हमारे डॉक्टर एक रुपया भी न लेते हुए छात्रों की शल्यक्रिया करते हैं। केवल दवा और बाहर के डॉक्टरों का खर्च हम करते हैं। उन्होंने आज तक हमारे 3000 छात्रों की मुफ्त शल्यक्रिया की होगी। उसी प्रकार हमने छात्रों के लिए फिजियोथेरेपी कक्ष भी शुरू किया है।
प्रश्न- महाराष्ट्र में ऐसी कितनी संस्थाएं कार्यरत हैं, उनके आज के हालात कैसे हैं।
उत्तर- राज्य में तकरीबन छह सौ संस्थाएं कार्यरत हैं। पुणे में इसके अलावा और भी एक-दो हैं। अनेक संस्थाओं के हालात आज की स्थिति में अच्छे नहीं हैं। संस्थाओं में विद्यार्थी नहीं टिक पाते। जरूरी निधि उपलब्ध नहीं होने से कर्मचारियों की पारश्रमिक नहीं मिल पाता। अनेक संथाओं में भ्रष्टाचार का बोलबाला है तो कुछ स्थानों पर संस्था के प्रमुख अपने रिश्तेदारों को संस्था में नौकरी पर रख लेते हैं परिणामस्वरुप हमारी संस्था में हर साल प्रवेश पाने के लिए लम्बी कतारें लगती हैं। अभिभावक अनुरोध करते हैं, पर हमारी मर्यादाएं सीमित हैं।
प्रश्न- संस्था की प्रवेश प्रक्रिया किस प्रकार होती है।
उत्तर- प्रतिवर्ष सामान्यतः फरवरी में प्रवेश सम्बन्धी विज्ञापन स्थानीय समाचार पत्रों में दिया जाता है। अप्रैल के अंत तक प्रवेश अर्जी का वितरण होता है। प्रवेश अर्जी की छानबीन कर छात्र और अभिभावकों से मिलना जुलना होता है। मुलाकात और चिकित्सक समिति के मार्गदर्शन के अनुसार प्रवेश दिया जाता है।
प्रश्न- अपना बच्चा यहां छोड़ कर जाने वाले अभिभावकों की मानसिक स्थिति कैसी होती है।
उत्तर- माता-पिता अपने बच्चों के प्रवेश के लिए बहुत विनती करते हैं। विकलांग विद्यार्थियों की शल्यक्रिया, उनकी दवाइयों या शिक्षा का खर्च आम आदमी नहीं उठा सकता। बच्चों का भला हो इसलिए माता-पिता उन्हें यहां छोड़ते हैं। कुछ अभिभावकों ने मुझसे कहा भी था कि सर आपने 250 बच्चों का नहीं अपितु 250 अभिभावकों का टेंशन अपने सिर पर लिया है। उनका विश्‍वास हमें प्रेरणा देता है।
प्रश्न- सारे अपंग विद्यार्थियों को आप क्या संदेश देना चाहेंगे।
उत्तर- स्वावलम्बी बनें। आप दूसरों के जैसे ही हो अलग नहीं यह भावना मन में पालें, आत्मसम्मान के साथ जिएं, किसी के सामने हाथ न फैलाएं, आप स्वयं अपना आधार बनें।
प्रश्न- आपकी संस्था को आज तक कौन-कौन से पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
उत्तर- विकलांग व्यक्तियों को सक्षम बनाने वाली संस्थाओं को राष्ट्रपति के हाथों दिया जाने वाला राष्ट्रीय पुरस्कार और डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर समाजभूषण पुरस्कार जैसे दो बड़े पुरस्कार संस्था को प्राप्त हैं। सन 2006 से 2007 में संस्था का सुवर्ण महोत्सव सम्पन्न हुआ, उस समय पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम आए थे। उन्होंने संस्था को एक लाख रुपये की राशि प्रदान की। इसी प्रकार पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, लालकृष्ण आडवाणी, स्वर्गीय विलासराव देशमुख, स्वर्गीय गोपीनाथ मुंडे जैसे कई लोग संस्था में आकर विद्यार्थियों से बातचीत कर चुके हैं।
प्रश्न- आपके परिजनों ने कभी इस कार्य का विरोध किया।
उत्तर- बिल्कुल भी नहीं। मेरी पत्नी और बच्चों ने मुझे हमेशा सम्हाला है और मेरा समर्थन किया है। मेरी पत्नी साधना, मेरे बड़े बेटे निखिल और छोटे बेटे अखिल ने इस सफर में हमेशा मेरा साथ दिया है।
प्रश्न- आपकी आगामी योजनाएं क्या हैं।

उत्तर- हमें अब 11वीं और 12वीं की कक्षाएं शुरू करनी हैं, इसलिए नए छात्रावास का निर्माण करना है। कृत्रिम साधनों का आधुनिक वर्कशॉप, ग्रंथालय के महत्वपूर्ण दुर्लभ संदर्भ ग्रंथ का संग्रह करने जैसे कुछ उपक्रमों की शुरुआत करनी है।

मंगलवार, 29 नवंबर 2016

दिव्यांग ही बदल सकते हैं दिव्यांगों की दशा और दिशाः निशा गुप्ता

 सबको उदाहरण की जरूरत
मेरे पिता ही मेरे रोल माडल
मैदान चाहे जो भी हो, वहां जज्बा, हिम्मत और लगन ही किसी व्यक्ति को सफलता के शिखर तक पहुंचा सकती है। मैं जब अपनी जिन्दगी से निराश थी उस समय लोग ढांढस तो बंधाते थे लेकिन मानसिक चिड़चिड़ेपन की शिकार होने की वजह से मेरे लिए यह निर्णय लेना कठिन था कि आखिरकार मुझे क्या करना चाहिए। मैं शुक्रगुजार हूं ओलिवर डिसूजा का जिन्होंने मेरे अंदर न केवल उत्साह का संचार किया बल्कि आगे बढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया। आज दिव्यांगों के समुन्नत भले की बातें तो बहुत होती हैं लेकिन उसका जो लाभ दिव्यांगों को मिलना चाहिए वह नहीं मिलता। मुझे लगता है कि दिव्यांगों का रोल माडल कोई सक्षम व्यक्ति नहीं बल्कि एक दिव्यांग ही हो सकता। सबको उदाहरण की जरूरत होती है, ऐसे में एक सफल दिव्यांग चाहे तो हजारों हजार दिव्यांगों का भला कर सकता है। पुरुषों की अपेक्षा आज देश में महिला दिव्यांगों की स्थिति काफी दयनीय होती है। महिलाओं को दया की दृष्टि से तो देखा जाता है लेकिन उनकी मदद को कोई सामने नहीं आता। यह कहना है मुम्बई निवासी सफल आर्टिस्ट और कामयाब खिलाड़ी निशा गुप्ता का।
22 मार्च, 1986 को गांव गोपालापुरा, जिला जौनपुर में काली प्रसाद गुप्ता और सितारा गुप्ता के घर जन्मीं निशा गुप्ता बताती हैं कि मुसीबत के क्षणों में मेरी मदद करने वालों में मेरे कजिन सुशांत, अंकित, सीमा, रवीना, आकाश का अहम योगदान है लेकिन जो प्रोत्साहन ओलिवर डिसूजा से मिला, उसे मैं कभी नहीं भूल सकती। मुम्बई जैसे महानगर में अपने जमीर को जिन्दा रखते हुए मंजिल हासिल करना बहुत कठिन काम था लेकिन मैंने ओलिवर डिसूजा को देखकर यह निश्चय किया कि यदि वह कठिनाइयों पर फतह हासिल कर सकता है, तो मैं क्यों नहीं। मेरा यही आत्मविश्वास आज मेरी सफलता का राज है। मेरे पिताजी ही मेरे रोल माडल हैं क्योंकि उन्होंने मेरे लिए बहुत कष्ट सहे हैं। मैंने उनके हर संघर्ष को करीब से देखा है। वह पल-पल मेरे सफल जीवन के लिए संघर्ष करते रहे। शादी के बाद मैंने जो कुछ करने का मन बनाया उसमें पति चेतन राठौर का पूरा सहयोग मिला। मेरे पति को पता है कि जो मैं ठान लेती हूं वह कर दिखाती हूं इसलिए वह हमेशा प्रोत्साहित करते हैं।
राष्ट्रीय स्वीमर, ह्वीलचेयर डांसर, आर्टिस्ट मुम्बई निवासी निशा गुप्ता को दिव्यांगता से जूझते कोई 12 साल हो गये हैं। निशा के लिए एक मई, 2004 न बिसरने वाली तारीख है। वह बताती हैं कि मैं मुम्बई में 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी। गर्मी की छुट्टियों में हमेशा घर जाना होता था लिहाजा अपने गांव गोपालापुर (जौनपुर) गई। वहां दीवार के सहारे पेड़ से आम तोड़ने के प्रयास में संतुलन बिगड़ा और मैं पीठ के बल धड़ाम से गिर गई। मेरी रीढ़ की हड्डी टूट गई और कोई चार साल तक मैं चारपाई में ही पड़ी रही। मेरे कमर के नीचे के हिस्से ने काम करना बंद कर दिया। मैं अवसाद में रहने लगी। मैं चिड़चिड़ी हो गई। लगने लगा कि अब मैं शायद ही कुछ कर पाऊं। ऐसे नाजुक क्षणों में मैंने ओलिवर डिसूजा को देखा जोकि मेरी ही तरह दिव्यांगता का शिकार हैं। मैं उनसे मिली और यह जानने का प्रयास किया कि क्या मैं कुछ कर सकती हूं। ओलिवर डिसूजा ने मुझे विश्वास दिलाया कि मैं हर वह काम कर सकती हूं जोकि असम्भव लगता है। आखिरकार मैंने संकल्प लिया और अपने कुछ लक्ष्य तय किए। मेरा खेलों की तरफ रुझान बढ़ा और मैंने तैराकी तथा बास्केटबाल में हाथ आजमाने शुरू कर दिए।
मैं मनमौजी स्वभाव की हूं, जो भी ठान लेती हूं, उसे कर दिखाती हूं। मुझे अपने कामकाज में किसी का दखल पसंद नहीं, इस बात को हमारे अपने सभी जानते हैं। हमारे परिजनों को भी पता है कि निशा जो ठान लेगी उसे किए बिना नहीं मानने वाली। निशा बताती हैं कि जब मैंने तैराकी में हिस्सा लेने का मन बनाया तब मन में सफलता को लेकर किसी तरह का दबाव नहीं था, लेकिन अब मैं देश के लिए खेलना चाहती हूं। मैं तैराकी, बास्केटबाल के साथ एथलेटिक्स में भी हाथ आजमा रही हूं। इसके लिए मैंने जिम जाना शुरू कर दिया है। मैंने टोकियो पैरालम्पिक में देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य तय किया है। अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए ही, मैं अभी मां नहीं बनना चाहती। पिछले साल की ही बात है जब मैंने राष्ट्रीय स्तर पर तरणताल में अपने लाजवाब प्रदर्शन से तीन कांस्य पदक जीते तो बास्केटबाल में अपनी टीम को कांस्य पदक दिलाया था।
निशा सिर्फ खेल ही नहीं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में भी खासा दखल रखती हैं। वह शानदार आर्टिस्ट के साथ ही बेहतरीन ह्वीलचेयर डांसर भी हैं। टैटू बनाने का इन्हें काफी शौक है। निशा 2010 से लोगों के शरीर पर टैटू बना रही हैं। निशा ने 2013 में मिस ह्वीलचेयर इंडिया प्रतियोगिता में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। सच कहें तो 30 साल की निशा हरफनमौला शख्सियत हैं। निशा के हर क्षेत्र में दखल को देखते हुए डांसर सुधा चंद्रन उन्हें महिला सम्मान से भी नवाज चुकी हैं। निशा कहती हैं कि यदि वह दिव्यांग नहीं होतीं तो शायद जिस मुकाम पर आज वह हैं, वहां नहीं पहुंच पातीं। निशा को पढ़ाई-लिखाई से गहरा लगाव है। उन्होंने एक बार फिर पढ़ाई पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। निशा कहती हैं कि दिव्यांगता ही मेरी ताकत है। मैं चाहती हूं कि हर दिव्यांग के चेहरे पर कामयाबी की मुस्कान हो। वह कहती हैं कि दिव्यांगता को अभिशाप मानने की बजाय लोगों को निःशक्तजनों को बेहतरीन तालीम देने के प्रयास करने चाहिए ताकि ये पढ़-लिखकर देश को सुशिक्षित कर सकें।        



मंगलवार, 15 नवंबर 2016

मोदी जी शब्द नहीं दिव्यांगों का जीवन बदले


 लगभग दो करोड़ दिव्यांग समाज की मुख्यधारा से वंचित
दिव्य चिंतन में डूबे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 दिसम्बर, 2015 को आकाशवाणी से प्रसारित अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात में विकलांगजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि देशवासियों विकलांगों को अब दिव्यांग नाम से जाना जाए क्योंकि इनके अंदर ऐसी प्रतिभा होती है जो आम आदमी में नहीं होती। दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं बल्कि यह शारीरिक अंगों में कमी के कारण होती है। कुछ कमियों का प्रभाव समझ में नहीं आता जबकि कुछ कमियां हमारे जीवन को प्रभावित कर देती हैं। एक अंग बेकार होने पर व्यक्ति निशक्त नहीं हो जाता। भारत वह देश है जहां अंधे, गूंगे-बहरे और लंगड़े लोगों के साथ हकलाने वालों पर चुटकुले बनाने जाते हैं। एक तरह से यह दिव्यांगों का उपहास है। एक तो तकदीर की बेरहम मार और ऊपर से समाज के तिरस्कार का दंश शायद ही किसी को भला लगे। इन लोगों की बदनसीबी का आलम यह कि इनके नाम पर खरीदी गई बैशाखी तक घोटाले की चादर में लिपटकर कहीं गुम हो जाती है। समाज से सम्मानजनक व्यवहार और बराबरी के मौके हासिल करने की इन लोगों की लड़ाई आजादी के बाद से चली आ रही है, लेकिन आज तक इसमें कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बधाई के पात्र हैं कि उनके मन में मुल्क के लगभग दो करोड़ दिव्यांग लोगों के प्रति असीम वेदना है। मोदीजी दिव्यांगों को समाज की मुख्य धारा में वह स्थान दिलाना चाहते हैं जोकि आज तक उन्हें नहीं मिला। प्रधानमंत्री जी ने सही कहा कि विकलांगों के पास भौतिक अंग भले न हों लेकिन उनके पास दिव्य अंग होते हैं। इसे दुर्भाग्य कहें या कुछ और हमारा हिन्दी समाज शारीरिक अक्षम लोगों के लिए अभी तक कोई कायदे का शब्द नहीं ढूंढ पाया है। विकलांग बहुत उपयुक्त शब्द नहीं है फिर भी उसमें एक तरह की करुणा है, लेकिन दिव्यांग। एक कटे हुए टांग वाले आदमी को दिव्यांग पुकारा जाना कैसा लगेगा। मुझे आशंका है कहीं ये नया नाम क्रूर समाज के लिए मनोविनोद का जरिया न बन जाये। मुमकिन है, फिजिकली चैलेंज्ड लोगों का समाज इस नाम पर उसी तरह रियेक्ट करे, जिस तरह कभी दलित लोगों ने हरिजन नाम पर किया था। यह लोग कह सकते हैं कि हमें चने की झाड़ पर मत चढ़ाओ, पहले हमें व्हील-चेयर दिलाओ, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और शौचालयों को हमारे लायक बनाओ, हमें नौकरियां दो। फोकट में एक और नया नाम लेकर हम क्या करेंगे।
दिव्यांग शब्द पर अब तक जो कुछ भी कहा गया उसका मकसद नमो की नेक मंशा पर सवाल उठाना ही है। प्रधानमंत्री मोदी की जहां तक बात है वह युगदृष्टा होने के साथ बहुत बड़े दार्शनिक भी हैं। विकलांगों के पास एक दिव्य अंग होता है, कितनी गहरी बात कही है नमो ने। इंसान के पास जो चीज ना हो, उसकी चिन्ता कभी नहीं करनी चाहिए क्योंकि जो नहीं है, वह असल में उसके पास दिव्य रूप में मौजूद होती है। आज प्रधानमंत्री जी के दिव्यांग शब्द में छिपे गहरे अर्थ को समझना चाहिए। मोदी जी को यकीन है कि नाम बदलने से सब कुछ बदल जाता है। वायलेंट गुजरात को वाइब्रेंट गुजरात में बदलते ही गुजरात फिर से सचमुच वाइब्रेंट हो गया। योजना आयोग के नीति आयोग बनने से यह बात साबित हो गई, देश में नीति आ चुकी है। अब से पहले तो सिर्फ अनीति ही अनीति थी। औरंगजेब मार्ग बदलकर कलाम मार्ग हुआ तो औरंगजेब के नाम का कलंक इतिहास के पन्नों से हमेशा के लिए धुल गया। नया नाम कई समस्याओं के लिए रामबाण है। नमो की नामकरण क्रांति अभी बहुत आगे जाएगी। कुतात्माओं को हुतात्मा बनाने का रिवाज इस देश में पुराना है।
निशक्त व्यक्ति अधिनियम 1995 के मुताबिक जब शारीरिक कमी का प्रतिशत 40 से अधिक होता है तो वह दिव्यांगता की श्रेणी में आता है। दिव्यांगता ऐसा विषय है जिसके बारे में समाज और व्यक्ति कभी गम्भीरता से नहीं सोचते। क्या आप ने कभी सोचा है कि कोई छात्र या छात्रा अपने पिता के कंधे पर बैठकर, भाई के साथ साइकिल पर बैठकर या मां की पीठ पर लदकर या फिर ज्यादा स्वाभिमानी हुआ तो खुद ट्राईसाइकिल चलाकर ज्ञान लेने स्कूल जाता है, किंतु सीढ़ियों पर ही रुक जाता है क्योंकि वहां रैंप नहीं है और ऐसे में वह अपनी व्हीलचेयर को सीढ़ियों पर कैसे चढ़ाए। उसके मन में एक कसक उठती है, क्या उसके लिए ज्ञान के दरवाजे बंद हैं, क्या शिक्षण संस्थाओं में उसको कोई सुविधा नहीं मिल सकती। शौचालय तो दूर उस के लिए एक रैंप वाला शिक्षण कक्ष भी नहीं है जहां वह स्वाभिमान के साथ अपनी व्हीलचेयर चलाकर ले जा सके एवं ज्ञान प्राप्त कर सके। अफसोस की बात है कि आजादी के बाद से ही दिव्यांगों की बेहतरी के लिए ढेर सारी योजनाएं बनीं लेकिन कोई दफ्तर, बैंक, एटीएम, पोस्ट आफिस, पुलिस थाना, कचहरी ऐसी नहीं है जहां दिव्यांगों के लिए अलग से सुविधाएं मौजूद हों। सामान्य दिव्यांगों की तो छोड़िये यहां के दिव्यांग कर्मचारियों के लिए भी कोई सुविधा नहीं है। अगर दिव्यांगों को बराबर का अधिकार है तो वह नजर क्यों नहीं आता।
ट्रेनों की ही बात करें तो क्या ट्रेन में दिव्यांग अकेले यात्रा कर सकते हैं। प्लेटफार्म, अंडरब्रिज यहां तक कि ट्रेन तक पहुंचने के लिए भी दिव्यांगों को दूसरों की सहायता चाहिए। उनके लिए कोई मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं, किसी तरह अगर वे डिब्बे में चढ़ भी जाएं तो ट्रेन में उनके लिए अलग से शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां तक कि मतदान केंद्रों पर भी दिव्यांगों को कोई अलग से सुविधा नहीं दी जाती। अधिकांश मतदान केंद्रों पर रैंप न होने के कारण वे मताधिकार से वंचित रह जाते हैं। यह सरकारी तंत्र एवं समाज के लिए सोचनीय और शर्मनाक बात है। हर साल बजट में दिव्यांगों के लिए भारी सहायता राशि की घोषणा की जाती है, कागज पर योजनाएं एवं सुविधाएं उकेरी जाती हैं लेकिन अभी तक कोई भी तंत्र उन्हें मौलिक अधिकार एवं सुविधाएं नहीं दे सका है।
देखा जाए तो हमारे समाज में दिव्यांगता थोथी संवेदनाओं का केंद्र बनकर रह गई है। दिव्यांगों से तो सभी सहानुभूति रखते हैं लेकिन उन्हें दोयम-दर्जे का व्यक्तित्व मानते हैं। बेचारे, पंगु, निर्बल, निशक्त न जाने कितने संवेदनासूचक शब्दों से हम उन्हें पुकारते हैं। कितनी सरकारी योजनाएं, विभाग बन गए लेकिन क्या दिव्यांगों को हम सबल बना पाए, क्या उनको राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान ले पाए हैं। इसके लिए सिर्फ सरकार ही नहीं हम सभी जिम्मेदार हैं। दरअसल, दिव्यांगों के अधिकारों को आवाज देता संयुक्त राष्ट्र दिव्यांगता समझौता, विश्वव्यापी मानवाधिकार समझौता है। यह समझौता स्पष्ट रूप से दिव्यांगों के अधिकारों एवं विभिन्न देशों की सरकारों द्वारा निर्बाध रूप से दिव्यांगों के पुनर्वास एवं उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की पैरवी करता है।
देश की संसद ने दिव्यांगों के पुनर्वास एवं उन्हें देश की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए दिव्यांग व्यक्ति (समान अवसर, अधिकारों का संरक्षण, पूर्ण भागीदारी) अधिनियम-1995 दिव्यांगता अधिनियम पारित किया। स्वाभाविक तौर पर अशक्त लोगों के अधिकारों को प्रतिपादित करते हुए भारत ने संयुक्त राष्ट्रसंघ के शाइट्स आफ पर्सन्स विद डिस्एबिलिटीज कन्वेंशन में कही गई बातों को 2007 में स्वीकार किया और दिव्यांगों के लिए बने अधिनियम 1995 को संयुक्त राष्ट्रसंघ द्वारा पारित कन्वेंशन जिस पर 2008 में अमल शुरू हुआ, के आधार पर बदलने की बात कही। फिलहाल देश भर में करीब 40 कम्पनियां दिव्यांगों को नौकरियां दे रही हैं। गैर सरकारी संस्थानों की यह पहल निश्चित रूप से दिव्यांगों के जीवन में नए रंग भर सकती है। आज आवश्यकता है दिव्यांगों को समान अधिकार देने की व सम्मानपूर्वक जीवन की मुख्यधारा से जोड़ने की ताकि वे देश निर्माण में अपना योगदान दे सकें। मोदीजी आपको इन दिव्यांगों के लिए कुछ नया करना होगा वरना इस शब्द पर उपहास उड़ेंगे और दिव्यांगों को भी अच्छा नहीं लगेगा।


सोमवार, 7 नवंबर 2016

हरफनमौला सोफिया का जवाब नहीं

फ्रांसिस को नाज है अपनी बेटी की उपलब्धियों पर
आठ बार स्टेट और तीन बार की नेशनल चैम्पियन
24 साल की सोफिया आज उस मुकाम पर है जिसे हासिल करना सक्षम लोगों के लिए भी मुश्किल कहा जा सकता है। वह आज मुल्क ही नहीं मुल्क से बाहर भी अपनी प्रतिभा से लोगों को कायल कर रही है। हर मां-बाप की इच्छा होती है कि उसके बच्चे स्वस्थ रहें और अपनी कामयाबी से परिवार का नाम रोशन करें। मूक-बधिर सोफिया आज खेलकूद ही नहीं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी अपने फन का जलवा दिखा रही है। मां-बाप को अपनी बेटी पर गर्व है तो जो समाज कभी उसे तिरस्कृत नजर से देखता था, वह भी उसकी कामयाबी से आश्चर्यचकित है।
सोफिया जन्म से ही सुन नहीं पाती थी। उसके भाई रिचर्ड का जन्म भी इसी अक्षमता के साथ हुआ। दोनों बच्चों में ये कमी देख माता-पिता से रहा नहीं गया। पिता फ्रांसिस कहते हैं कि एक बार हमने यह भी सोचा कि ऐसे जीने से अच्छा है कि पूरा परिवार सुसाइड कर ले। लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाए। आखिर यह तय किया कि जो भी स्थिति है उसका मुकाबला करेंगे। सोफिया जन्मजात मूक-बधिर है। इस बात का पता उसके मां-बाप को उस समय लगा जब वह 10 माह की थी। दरअसल एक दिन फ्रांसिस के घर के बाहर एक जुलूस निकल रहा था। लोग पटाखे फोड़ रहे थे लेकिन 10 माह की सोफिया को इससे कोई फर्क पड़ता न देख फ्रांसिस के पैरों तले से जमीन खिसक गई। तेजी से फूटते पटाखों की आवाज बड़े-बड़े लोगों के कानों में चुभ रही थी। लोग चौंक रहे थे लेकिन 10 माह की बच्ची को कोई असर नहीं हो रहा था। पहले तो फ्रांसिस कोई फैसला नहीं ले पाए लेकिन पत्नी के साथ चर्चा करने के बाद उन्होंने डॉक्टरों से सम्पर्क किया तो उन्हें पता चला कि उनकी बेटी बोल और सुन नहीं सकती। सोफिया के एक भाई भी है, वह भी मूक-बधिर है।
समय बदला सोफिया बड़ी हुई तो पता चला कि उसके साथी उससे किनारा करते हैं। साथ रहना नहीं चाहते। ऐसे में हमने उसे खेलों में आगे आने को प्रोत्साहित किया। उसे ताकतवर होने का अहसास हो, इसके लिए उसे शॉटपुट और डिस्कस थ्रो में आगे किया। सोफिया की खूबी यह है कि वह प्रैक्टिस को कभी हलके में नहीं लेती। नतीजा यह हुआ कि उसने आठ बार स्टेट चैम्पियनशिप और तीन नेशनल चैम्पियनशिप जीती हैं। फ्रांसिस कहते हैं कि सोफिया में आत्मविश्वास लाने के लिए उसे ब्यूटी काम्पटीशन में जाने को कहा गया और वह इसकी तैयारी में जुट गई। पिछले साल वह मिस मलयाली वर्ल्ड वाइड स्पर्धा में सेकेण्ड रनर अप रही। कई मॉडलिंग असाइनमेंट के अलावा दो फिल्मों और कुछ टेलीविजन सीरियल में भी सोफिया अभिनय कर चुकी है। सोफिया पेंटिंग और ज्वैलरी डिजाइनिंग भी कर लेती है। ड्राइविंग उसका पैशन है। वह भविष्य में बाइक रेसर बनना चाहती है। सोफिया आज एथलेटिक्स, पेंटिंग, मॉडलिंग और फैशन डिजाइनिंग में बड़ा नाम बन गई है। कोच्चि की रहने वाली सोफिया चेक रिपब्लिक में हुए मिस वर्ल्ड डेफ एण्ड डम्ब प्रतियोगिता में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। यही नहीं वह मिस डेफ इण्डिया 2014 में भी फर्स्ट रनरअप रही है। सोफिया को एक्टिंग और मॉडलिंग का भी शौक है। वह बेस्ट विशेज नाम की फिल्म में काम कर चुकी है। वह एक सुपर मॉडल रियल्टी टीवी शो की विजेता भी है।
बातचीत में फ्रांसिस कहते हैं कि सोफिया के लिए यह सब आसान नहीं था। उसने यह मुकाम पाने के लिए बहुत संघर्ष किया है। मेरा बेटा रिचर्ड भी सुन और बोल नहीं सकता। मेरे दोनों बच्चे ऐसे ही जन्मे लेकिन इसमें न उनकी गलती है और न ही मेरी। जबकि लोग हमें हमेशा ऐसे ताने मारते हैं कि जैसे हमने कोई पाप किया हो और हमें इसकी सजा मिल रही हो। फ्रांसिस बताते हैं कि सोफिया जब स्कूल जाने लायक हुई तो एक बार फिर संघर्ष शुरू हुआ। वह बताते हैं कि उस समय मेरी बेटी को कोई भी स्कूल एडमीशन देने के लिए तैयार नहीं था। हमने कोशिश की कि मद्रास के एक स्पेशल स्कूल में दाखिला करवा दें लेकिन वहां भी यह कहते हुए मना कर दिया गया कि हम दो वर्ष की उम्र में ही बच्चों का एडमीशन लेते हैं जबकि सोफिया चार साल की हो गई थी। मेरी पत्नी गोरेटी को यह बात बहुत बुरी लगी। सोफिया की मां भवन्स स्कूल में टीचर हैं। बेटी की शिक्षा के लिए उन्होंने लम्बी छुट्‌टी के लिए आवेदन दिया। वहां के प्रिंसिपल ने कारण पूछा तो गोरेटी ने उन्हें अपनी बेटी के बारे में बताया। ऐसे में स्कूल के डायरेक्टर गोविंदन ने उनका साथ दिया और सोफिया को स्कूल में एडमीशन मिल गया।
गोविंदन मेट्रोमैन श्रीधरन के भाई हैं। सोफिया ने यहां पर आठवीं कक्षा तक सामान्य बच्चों के साथ पढ़ाई की। इसके बाद सोफिया को सामान्य बच्चों के सिलेबस को समझने और पढ़ने में परेशानी आना शुरू हो गई। बाद में सोफिया ने आगे की पढ़ाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूल से की। सोफिया अब 24 साल की हो चुकी है और उसका फोकस टीवी मॉडलिंग और स्पोर्ट्स पर है। वह इस समय एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी में लगी हुई है। सोफिया जब छोटी थी तो स्कूल में पढ़ते समय उनके पिता ने टीचर्स से विशेष रूप से कहा था कि उन्हें यह ध्यान देना चाहिए कि सोफिया किस क्षेत्र में बेहतर कर सकती है। फ्रांसिस खुद सोफिया की गतिविधि पर बारीकी से ध्यान रखते थे। उसी समय उन्होंने गौर से देखा तो पाया कि सोफिया चीजों को काफी दूर तक फेंक लेती है। यहीं से सोफिया ने शॉटपुट में अपना कॅरियर बनाने की शुरुआत की और बाद में चैम्पियन बनी।

सोफिया चार-पांच वर्ष की आयु से ही साइकिल से स्कूल जाने लगी थी। स्कूल के दूसरे बच्चों के माता-पिता नहीं चाहते थे कि इतने छोटे बच्चे साइकिल से स्कूल आएं। इसलिए उन्होंने स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत भी कर दी। स्कूल के प्रिंसिपल ने सर्कुलर जारी कर इस पर पाबंदी लगवा दी लेकिन फ्रांसिस को लगा यह ठीक नहीं है। इसलिए उन्होंने इस निर्णय का कड़ा विरोध किया और प्रबंधन को अपना सर्कुलर वापस लेना पड़ा। उन्होंने कहा किसी को हो या न हो लेकिन मुझे अपनी बेटी पर पूरा विश्वास है। फ्रांसिस अपनी बुलेट पर सोफिया को आगे बिठाकर घूमते थे और उसने धीरे-धीरे मूक-बधिर होते हुए भी बहुत अच्छे से कार और बाइक ड्राइव करना सीख ली। लोगों ने इसका भी विरोध किया और कहा कि यह ठीक नहीं है। इससे एक्सीडेंट हो सकता है क्योंकि सोफिया सुन नहीं सकती। उसे ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिल रहा था। फ्रांसिस यहां फिर दिल्ली हाईकोर्ट के एक ऐसे निर्णय के साथ परिवहन विभाग पहुंचे जिसमें कोर्ट ने आंशिक रूप से मूक-बधिर व्यक्ति को ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने का आदेश दिया था। इसके बाद उसे मेडिकल सर्टिफिकेट भी चाहिए था जिसके लिए सोफिया को तकरीबन हर डॉक्टर से मना कर दिया। लम्बे संघर्ष के बाद सोफिया को ड्राइविंग लाइसेंस के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट तिरुवनंतपुरम के मेडिकल कॉलेज ने दिया। इसके बाद सोफिया लाइसेंस हासिल करने वाली केरल की पहली मूक महिला बनी। इसके बावजूद उसे लोगों ने खूब परेशान किया। फ्रांसिस बताते हैं कि जब वह बुलेट चलाती थी तो लोग उसके सामने लाकर गाड़ी रोक देते थे। जानबूझकर उसे परेशान करते थे। जो भी हो आज सोफिया उन लोगों के लिए नसीहत है जोकि दिव्यांगता को जीवन भर का अभिशाप मान लेते हैं। आज सोफिया जैसी बेटियों को प्रोत्साहित करने की जरूरत ताकि ये दिव्यांगों का मार्गदर्शन कर सकें।

शनिवार, 5 नवंबर 2016

नर नहीं नारायण

                   

भारतीय धरा पर वैसे तो हर युग और हर काल में एक से बढ़कर एक महापुरुषों ने जन्म लेकर मानवता की सेवा की है लेकिन कलयुग में दिव्यांगों की सेवा का जो पुनीत कार्य चित्रकूट में जगदगुरू श्री रामानन्दाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज द्वारा किया जा रहा है, वह अतुलनीय है। चित्रकूट की जहां तक बात है दीनदयाल शोध संस्थान और नानाजी देशमुख के ग्राम विकास के प्रकल्पों के नाते इसकी ख्याति चहुंओर गूंजी है लेकिन जगदगुरू श्री रामानन्दाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने अपनी प्रतिभा और प्रयत्नों की पराकाष्ठा से चित्रकूट की पावन धरा को मानव सेवा का अभिनव-तीर्थ बना दिया है। इस तीर्थस्थली में देश भर के लगभग दो हजार दिव्यांग बालक-बालिकाओं की न केवल परवरिश हो रही है बल्कि उन्हें अपने पैरों पर भी खड़ा किया जा रहा है। सिर्फ 15 साल में ही यहां संचालित जगदगुरू रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय दिव्यांगों का तीर्थस्थल सा बन गया है। यहां अध्ययनरत सैकड़ों छात्र-छात्राओं के चेहरे की मुस्कान और उनका कुछ कर गुजरने का जुनून यही सिद्ध करता है कि उन्होंने वाकई दिव्यांगता पर फतह हासिल कर ली है।  

हमारे समाज से हमेशा से यही आवाज मुखरित होती रहती है कि संत-महात्माओं को मठों-मन्दिरों से निकल कर पीड़ित मानवता की सेवा को ही राघव सेवा मानकर अपना सर्वस्व अर्पित करना चाहिए। समाज की इस जरूरत को जगदगुरू स्वामी रामभद्राचार्य ने न केवल आत्मसात किया बल्कि मानवता यानि दिव्यांगों की सेवा के महती कार्य को उन्होंने चरितार्थ भी कर दिखाया है। चित्रकूट में देश का पहला विकलांग विश्वविद्यालय जगदगुरू स्वामी रामभद्राचार्य की साधना का प्रतिबिम्ब ही नहीं उनकी सेवाभावना का अतुलनीय मंदिर है। 26 जुलाई, 2001 को उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने इसका विधिवत उद्घाटन किया था। तत्समय वहां दिव्यांगों के साथ ही सामान्य छात्र-छात्राओं को भी अध्ययन का मौका दिया गया। समय बीता और स्वामी जी ने महसूस किया कि हम अपने उद्देश्य से कहीं न कहीं भटक तो नहीं गए। दिव्यांगों में हीनभावना का विकार जन्म ना ले इस बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस विश्वविद्यालय में सिर्फ दिव्यांगों को ही तालीम देने का निश्चय किया।
जगदगुरू श्री रामानन्दाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज इस विश्वविद्यालय के आजीवन कुलाधिपति हैं। आज इस विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या लगभग 1400 है जिसमें लगभग दो सैकड़ा छात्राएं भी अपना जीवन संवार रही हैं। यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से छात्रावास सुविधा के साथ ही खेलने-कूदने की भी सभी सुविधाएं मयस्सर हैं। यहां अध्ययनरत बच्चे जिम में जाकर अपने आपको फौलादी बना सकते हैं। विश्वविद्यालय में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अधिकांश सुविधाएं निःशुल्क या फिर नाममात्र के शुल्क पर उपलब्ध हैं। फिलहाल यहां उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तरांचल के विद्यार्थी ही ज्यादा हैं। कुछ विद्यार्थी असम, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान के भी तालीम हासिल कर रहे हैं। जगदगुरू के तुलसी-पीठ आश्रम में छात्राओं को छात्रावास सुविधा मिली हुई है। इसके अतिरिक्त आश्रम परिसर में ही प्रज्ञाचक्षु (नेत्रहीन) मूक-बधिर एवं अस्थि विकलांग बच्चों के लिए प्राथमिक पाठशाला से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक विद्यालय भी चलता है। यहां अध्ययनरत सभी बच्चों को आवास, भोजन, वस्त्र आदि सुविधाएं भी निःशुल्क प्राप्त हैं। स्वामी रामभद्राचार्य दिव्यांगों को अपना भगवान मानते हैं। स्वामी जी की अनूठी भगवद्साधना का ही प्रतिफल है कि आज यहां अध्ययन के लिए देश भर से छात्र-छात्राएं आ रहे हैं।
14 जनवरी, 1950 को जौनपुर जिले के गांव सांडी खुर्द, सराय भोगी में एक सरयूपारीय कृषक ब्राह्मण परिवार (स्वर्गीय राजदेव मिश्र-सची मिश्र) में उनका जन्म हुआ। चार भाई और छह बहनों में तीसरे नम्बर के गिरधर मिश्र के जन्म के ठीक दो महीने बाद आंखों में दाने पड़ गए। पास के ही एक गांव की दाई को उनकी मां ने उपचार के लिए दिखाया। दाई ने दाने फोड़ दिए किन्तु दुर्भाग्य से रोहुआ के दाने फूटने की जगह उनकी आंखें ही फूट गईं। बचपन में ही आंखें खो देने का आज स्वामी रामभद्राचार्य को कतई मलाल नहीं है। वह कहते हैं जो भगवान की इच्छा थी सो हुआ, मेरी आंखों का रोग तो गया नहीं किन्तु मेरे भव रोगों का निदान जरूर हो गया। स्वामी जी के बचपन का नाम गिरिधर था। बचपन में अपने बाबा पंडित सूर्यबली मिश्र के सान्निध्य में रहकर बालक गिरिधर ने रामचरित मानस, श्रीमद्भगवदगीता को खेल-खेल में कंठस्थ कर लिया। स्वामी जी को पठन-पाठन से रुचि थी सो आगे चलकर उन्होंने सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय (वाराणसी) से अपना शोध कार्य पूर्ण किया। पढ़ाई में सदैव सिरमौर रहने के चलते उन्हें पारितोषिक बतौर दर्जनों स्वर्ण पदकों से नवाजा जा चुका है।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा इनकी अनोखी प्रतिभा से प्रभावित होकर इन्हें संस्कृत विश्वविद्यालय में संस्कृत विभागाध्यक्ष पद पर नियुक्त कर दिया गया लेकिन गिरिधर के जीवन का उद्देश्य तो और ही था। 19 नवम्बर, 1983 को तपोमूर्ति श्री रामचरण दास जी महाराज फलाहारी से उन्होंने संन्यास की दीक्षा ली और आगे चलकर उन्होंने 1987 में तुलसी जयंती के दिन चित्रकूट में तुलसी पीठ की स्थापना की। बचपन और युवावस्था में शारीरिक न्यूनता ने उनके सहज जीवन में कदम-कदम पर विपदाएं-बाधाएं पैदा कीं लेकिन इससे वह निराश नहीं हुए। स्वामी जी ने हर विपदा को न केवल हंसते हुए सहन किया बल्कि इन कष्टों की अनुभूति ने उन्हें दिव्यांगों के लिए कुछ करने की प्रेरणा दी। दिव्यांगों के प्रति असीम करुणा भावना से ओतप्रोत उन्होंने संकल्प लिया कि अपनी शिक्षा के लिए जो कष्ट उन्हें सहने पड़े, वे अब किसी अन्य दिव्यांग विद्यार्थी को सहन नहीं करने पड़ें। दिव्यांगों की शिक्षा-दीक्षा के लिए स्वामीजी ने न केवल सपना देखा बल्कि पहले प्राथमिक पाठशाला फिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और अब विश्वविद्यालय के रूप में उसे साकार कर दिखाया।
स्वामी जी ने बातचीत में बताया कि मानवता ही मेरा मंदिर है और मैं इसका एक पुजारी हूं। सच कहें तो यह दिव्यांग ही मेरे महेश्वर हैं और मैं इनका कृपाभिखारी हूं। जगदगुरू रामभद्राचार्य जी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से काफी प्रभावित हैं। स्वामीजी कहते हैं कि इस विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाना ही मेरा मकसद है। यदि ऐसा हुआ तो मैं इसका नाम जगदगुरू रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय कर दूंगा। वर्ष 2001 में स्थापित जगदगुरू रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय विश्व का एकमात्र ऐसा विश्वविद्यालय है जो केवल दिव्यांगों के लिए है। इस विश्वविद्यालय में दिव्यांग बच्चे उच्च तालीम के साथ-साथ कला ही जीवन है, को मूलमंत्र मान चुके हैं। जगदगुरू रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय चित्रकूट (उत्तरप्रदेश) के छात्र-छात्राएं आज खेल और ललित कला के क्षेत्र में देश भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इन दिव्यांग छात्र-छात्राओं में मूक-बधिरों की संख्या अधिक है। श्रवण शक्ति से क्षीण ये प्रतिभाएं अपनी अतीन्द्रिय से सब कुछ अपने चित्रों में रूपायित कर उन्हें मुखरित कर रही हैं। अस्थि दिव्यांग छात्रों के हाथ भले ही टेढ़े-मेढ़े और कमजोर हों लेकिन तूलिका पकड़ने, चित्रों और मुर्तियों को आकार देने में पूर्ण समर्थ हैं। कुछ छात्र-छात्राएं जिनके हाथ भी नहीं हैं वे अपने पैरों को तूलिका और लेखनी बनाकर जो चित्र या मूर्तियां गढ़ रहे हैं, वे अप्रतिम हैं।
कितने प्रज्ञाचक्षु बालक-बालिकाओं को यहां संगीत की शिक्षा लेते, विभिन्न वाद्ययंत्रों को बजाते, कम्प्यूटर चलाते देखा जा सकता है। इस विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को मात्र साक्षर करना ही नहीं बल्कि उनमें जीवन संग्राम में जूझने के लिए हौसला पैदा करना भी है। यहां दिव्यांगों को रोजगारपरक पाठ्यक्रमों से भी जोड़ा जाता है ताकि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह किसी पर निर्भर न रहें। यहां पढ़ने वाले सभी छात्रों के लिए कम्प्यूटर अनिवार्य है। इस पूरे गुरुकुल परिवार की एक और श्रद्धा केन्द्र हैं डा. गीता मिश्र, जो स्वामीजी की बड़ी बहन हैं। स्वामी रामभद्राचार्य के सपनों को साकार करने में उनका त्याग भी अवर्णनीय है। स्वामी जी की छत्रछाया में रहने वाले सैकड़ों बालक-बालिकाएं अनुसूचित जाति-जनजाति से सम्बन्ध रखते हैं तो कुछ मुसलिम भी हैं। जाति-पात के भेद से परे विकलांग देव की सेवा में लगे स्वामी रामभद्राचार्य कहते हैं भगवान की कोई जाति नहीं होती। विकलांग मेरे भगवान हैं तो इनमें जाति कैसे हो सकती है।
जगदगुरू रामभद्राचार्य जी प्रज्ञाचक्षु हैं और केवल अपनी स्मरण शक्ति के आधार पर ही सबकुछ याद रखते हैं। इनकी स्मरण शक्ति इतनी अद्भुत है की मात्र पांच साल की आयु में ही इन्होंने गीता के सम्पूर्ण 700 श्लोक और सात वर्ष की आयु में सम्पूर्ण रामचरितमानस कंठस्थ कर ली थी। यही नहीं बिना ब्रेल का उपयोग किये, इन्होंने पीएचडी तथा डीलिट तक की अपनी शिक्षा सम्पूर्ण की। स्वामी जी अब तक 152 पुस्तकें लिख चुके हैं। इन्हें साहित्य अकादमी, कविकुलरत्न, महामहोपाध्याय आदि जैसे उच्चकोटि के अनेक पुरस्कार और उपाधियों से नवाजा जा चुका है। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने अपने शोध में रामभद्राचार्यजी की स्मरण शक्ति को सात कम्प्यूटरों के बराबर पाया है।
स्वामीजी के अग्रज और विश्वविद्यालय के फाइनेंशियल अधिकारी रमापति मिश्र बताते हैं कि हम लोगों का जन्म मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ। मां-बाप के पास इतना पैसा नहीं था कि हम कुछ लीक से हटकर करते। स्वामीजी की अदम्य इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत का ही प्रतिफल है यह विश्वविद्यालय। रिजर्व बैंक में प्रबंधक की नौकरी से सेवानिवृत्ति के बाद स्वामी जी के कहने पर मेरे मन में भी दिव्यांगों की सेवा का बोध हुआ। मैं इस विश्वविद्यालय से पिछले 11 साल से जुड़ा हुआ हूं। स्वामीजी की दिन-रात की अथक मेहनत से कभी-कभी मैं हैरान रह जाता हूं। सच कहें तो इन दिव्यांग बच्चों की परवरिश और इनके अध्ययन के लिए ही स्वामीजी देशभर में कथा सुनाते हैं। सच कहें स्वामीजी नर नहीं नारायण हैं। ऐसी विलक्षण तथा अद्वितीय प्रतिभा के धनी जगदगुरू रामभद्राचार्य जी को मेरा शत-शत नमन।





गुरुवार, 3 नवंबर 2016

बिना हाथों खींची उम्मीदों की किरण

        विकलांग विश्वविद्यालय चित्रकूट में निखरी पानीपत हरियाणा की रुचि ग्रोवर की मेधा
                   देश ही नहीं विदेशियों को भी भा रही रुचि की कलाकारी
10-11 साल की उम्र में ही जब बच्चे खेल-खेल में सपने देखना शुरू करते हैं, ऐसे समय में ही यदि उन पर वज्राघात हो जाए तो उनका भविष्य निःसंदेह अंधकारमय हो जाता है। 16 अप्रैल, 1982 को पानीपत (हरियाणा) में एंशी लाल ग्रोवर-अनिता ग्रोवर के घर एक बिटिया ने जन्म लिया। बचपन से ही शांत-सौम्य इस बेटी को क्या पता था कि 11 साल की उम्र में ही वह किसी हादसे का शिकार हो जाएगी, मां का साया उसके सर से उठ जाएगा और सारे अरमान चूर-चूर हो जाएंगे। जगत गुरु स्वामी भद्राचार्य विश्वविद्यालय चित्रकूट में अध्ययनरत लगभग डेढ़ हजार दिव्यांग छात्र-छात्राएं अपने अरमानों को पर लगाने की कोशिश में जुटे हैं। इन पर किसी न किसी रूप में कुदरत का कहर बरपा है लेकिन इनका हौसला देखने के बाद नहीं लगता कि यह अपनी जिन्दगी से निराश हैं। अलसुबह आँख खोलते ही दर्द की सांवली परछाइयां इन दिव्यांगों को कुछ कर गुजरने का हौसला देती हैं। इन सब में कुछ न कुछ नया करने का जुनून है लेकिन इनमें रुचि ग्रोवर सबसे अलग है। वह कला साधना में लीन पैरों से उम्मीदों की किरणें खींच रही है। उसके बनाए चित्र बताते हैं कि दिव्यांगता शरीर की पीड़ा हो सकती है, मन की कदाचित नहीं।
रुचि ग्रोवर चार सितम्बर, 1993 के उस भयावह हादसे को याद करते ही सहम सी जाती है। उस दिन एंटीना सही करते वक्त गिरे 22 हजार वोल्टेज के बिजली के तार ने उसके दोनों कान और हाथ ही नहीं छीने बल्कि उसकी मां तथा भाई को भी उससे जुदा कर दिया। उस हादसे ने रुचि की मुस्कान ही छीन ली। समय बदला लेकिन उसे सुकून महसूस नहीं हुआ। वह तन्हाइयों के किले में कैद हो गई। आखिरकार रुचि के पिता ने दूसरी शादी कर ली। बस फिर क्या रुचि के ख्यालों और जज्बातों ने उसे कुछ कर गुजरने के सपने दिखाए और वह तन्हाइयों के किले से बाहर निकल पड़ी। हाथों की जगह उसने पैरों को अपना सम्बल बनाया। वह कहती है कि वक्त और उम्र के साथ कुछ ख्वाब आते-जाते मेरी आँखों के रोशनदान में चुपके से झांक गये। जिन्दगी में कहने को बहुत से अपने हैं, मगर कोई अपना नहीं। रिश्ते रिसते घावों की तरह तकलीफदेह हैं। बस एक दर्द, एक तन्हाई है। और है एक बेमौत मरती-सी जिंदगी, जो मेरी साँसों के साथ-साथ अपना सफर तय कर रही है। अनचाहे-अनबोले।

मैंने स्वामी भद्राचार्य को अपना आदर्श मानते हुए संकल्प लिया कि अब मैं अपने पैरों से कुछ ऐसा करूंगी जिसे देश ही नहीं दुनिया सराहेगी। रुचि पिछले तीन साल से विकलांग विश्वविद्यालय चित्रकूट में अपनी कला साधना को मूर्तरूप देने में प्राणपण से जुटी है। उसके द्वारा बनाए चित्र आंखों को भाने के बाद कुछ बोलते से नजर आते हैं। रुचि अपने सारे कार्य स्वयं करती है, यहां तक कि वह पैरों से ही अपने मोबाइल को आपरेट करने के साथ ही देश-दुनिया को करीब से देख और समझ पा रही है। रुचि कला को ही अपनी अंतिम सांस और जीवन मानने लगी है। उसके चित्रों को भारत ही नहीं विदेशी कलाप्रेमियों द्वारा भी खूब सराहा जा रहा है। उसे जगह-जगह से नौकरी के आफर भी मिल रहे हैं लेकिन रुचि अपनी तालीम को मुकम्मल स्थान देना चाहती है। वह कला के क्षेत्र में एक ऐसी इबारत लिखना चाहती है जो हर निःशक्त की ताकत बने। रुचि का जुनून देखते हुए उम्मीद की जानी चाहिए कि यह बेटी अपने मकसद में न केवल सफल होगी बल्कि एक नया कीर्तिमान भी स्थापित करेगी।     

बुधवार, 2 नवंबर 2016

निर्मला वैष्णव की अंधत्व को चुनौती


10 साल की उम्र में ही कंठस्थ कर लिए भगवत गीता के 18 अध्याय
  45 मिनट में सुना देती हैं सात सौ श्लोक
  सोते-जगते सिर्फ ईश आराधना ही है इनकी दिनचर्या
कुदरत की नाइंसाफी से 55 साल की निर्मला वैष्णव दुनिया-जहान को भले ही न देख सकती हों पर उनके हृदय की आंखें खुली हुई हैं। इनका आत्मविश्वास खुद को ही नहीं औरों को भी जीने की प्रेरणा दे रहा है। निर्मला बहन अपने जैसे ही ब्लाइंड बच्चों को शिक्षित कर उन्हें हौसला और नई उम्मीद दे रही हैं। मन के हारे हार है, मन के जीते जीत। यही मूलमंत्र है तुलसी प्रज्ञाचक्षु एवं बधिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चित्रकूट (म.प्र.) की प्राचार्य बहन निर्मला वैष्णव का। जगत गुरु स्वामी भद्राचार्य को देवतुल्य मानने वाली संगीत कोकिला बहन निर्मला को अब अपने अंधत्व पर कोई मलाल नहीं है।
28 मार्च, 1961 को जिला बाड़ोदर, राजकोट (गुजरात) में नाथालाल भाई और रणियात के घर जन्मीं निर्मला वैष्णव की छह माह में ही दोनों आंखों की ज्योति चली गई। मां-बाप ने अपनी बेटी की नेत्र-ज्योति को वापस लाने के अथक प्रयास किए लेकिन भगवान को शायद यह मंजूर नहीं था। बचपन में ही अपनी आंखें खो देने के बावजूद इस बेटी ने हार नहीं मानी। आठ साल बीत जाने के बाद निर्मला बहन के मन में कुछ विशेष करने का विचार आया। बाल मन का यह संकल्प बड़ा था लेकिन इस बेटी के हौसले भी कम बुलंद न थे। वह अपने संकल्प को हकीकत में बदलने के लिए अंध महिला विकास गृह नामक संस्था की शरण में गईं। दो साल की अथक मेहनत के बाद निर्मला ने न केवल संगीत के क्षेत्र में दक्षता हासिल की बल्कि इसी दरमियान उन्होंने भगवत गीता के सम्पूर्ण 18 अध्याय कंठस्थ कर लिए।
भगवत गीता कंठस्थ करने के बाद बहन निर्मला की ज्ञान पिपासा और बढ़ गई। अपनी मेधा को निखारने और ज्ञानचक्षु में इजाफा करने को उन्होंने जगत गुरु स्वामी भद्राचार्य की शरण ली। स्वामी भद्राचार्य की शरण में आने के बाद इस संगीत कोकिला के सपनों को मानों पर लग गये हों। उन्होंने चित्रकूट में आकर न केवल अपनी तालीम पूरी की बल्कि दिव्यांगों की दुनिया को खुशनुमा बनाने का संकल्प भी लिया। लगभग 18 साल में चित्रकूट की पावन धरा पर उन्होंने हनुमान बाहुक, राम रक्षा स्त्रोतः, नारायण कवच, पंचाक्षर स्त्रोत, ज्योतिर्लिंग स्त्रोत, अनसुइया स्तुति, रुद्राष्टक, कृण्णाष्टक, मधुराष्टक, यमुनाष्टक (गुजराती और संस्कृत), गायत्री चालीसा, हनुमान चालीसा, सुन्दरकाण्ड सहित दर्जनों पुस्तकों को अपने अंदर समाहित कर लिया है।
जगत गुरु स्वामी भद्राचार्य को अपना आदर्श मानते हुए बहन निर्मला वैष्णव कहती हैं कि वह साक्षात् देव हैं। स्वामी जी इस धरा पर मनुष्य के रूप में लीला करने आए हैं। वह नारायण के रूप में नर लीला कर रहे हैं। बहन निर्मला कहती हैं कि दिव्यांगों के लिए जो टीस और पीड़ा स्वामी जी के अंतःकरण में है, वैसी शायद ही किसी के जेहन में हो। संगीत कोकिला निर्मला बहन की दिनचर्या की शुरुआत ईश वंदना से ही होती है। वह सुबह 9.30 से अपराह्न चार बजे तक तुलसी प्रज्ञाचक्षु एवं बधिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चित्रकूट (म.प्र.) में अध्ययनरत सवा दो सौ बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के साथ शेष समय को ईश आराधना को ही समर्पित कर देती हैं।
वह प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक धार्मिक पुस्तकों का सस्वर पाठ करती हैं। निर्मला जी संगीत में पारंगत होने के साथ ही जहां 45 मिनट में सात सौ श्लोक सुना देती हैं वहीं सिर्फ 25 मिनट में सुन्दरकाण्ड का पाठ करते उन्हें देखा और सुना जा सकता है। निर्मला बहन 1978 से जगत गुरु स्वामी भद्राचार्य की शरण में रहते हुए अब तक देशभर में सैकड़ों जगह अपनी संगीत की सुरलहरियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर चुकी हैं। आज निर्मला बहन किसी पर आश्रित नहीं हैं। वह कहती हैं कि चित्रकूट मेरे लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। जगत गुरु स्वामी भद्राचार्य ने दिव्यांगों के लिए जो अलख जगाई है वह अतुलनीय है। वह सही मायने में दिव्यांगों के मसीहा हैं। निर्मला बहन कहती हैं कि हम अब चित्रकूट की धरा पर ही जीना और मरना चाहेंगे।  


सोमवार, 17 अक्टूबर 2016

नाकाबिल पैरों बावजूद रवीन्द्र पाण्डेय का कमाल


कार से टोल बैरियरों पर बिना रुके भरते हैं फर्राटा
राजस्थान के उदयपुर शहर के रवीन्द्र पाण्डेय के जीवन में बचपन में बदकिस्मती ने दरवाजा खटखटाया और उनके पैर लकवाग्रस्त हो गए लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। कुदरत की मंशा बदलने के लिए उन्होंने विपरीत हालात से संघर्ष शुरू कर दिया। अब रवीन्द्र एक विशेष मशीन के आविष्कारक हैं जिसका उन्हें पेटेंट भी हासिल है। अब वे फर्राटे से कार चलाते हैं जिससे किसी टोल बैरियर पर टैक्स नहीं वसूला जा सकता। इसके अलावा उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में भी दर्ज है। यह सब उन्होंने अपने बलबूते हासिल किया है।    
रवीन्द्र पाण्डेय बताते हैं कि जब मैं करीब 10 साल का था, सामान्य बच्चों की तरह खेलता-कूदता था। अचानक मुझे बुखार आया। मुझे इंजेक्शन लगाए गए और इसी दौरान मुझे पैरालिसिस हो गया। इलाज चला और धीरे-धीरे सहारे के साथ चलने-फिरने लायक हो गया। वक्त ने बड़ा झटका दे दिया, दौड़ तो नहीं सकता था लेकिन सहारे के साथ धीरे-धीरे टहलते हुए ही जिंदगी की गाड़ी को पटरी पर चलाना था। कठिनाइयों के बावजूद पढ़ाई जारी रखी। साइंस विषयों के साथ हायर सेकेंडरी की परीक्षा पास की। साइंस और तकनीक में रुचि थी इसलिए आईटीआई में ड्रॉफ्ट्समैन के ट्रेड में डिप्लोमा कर लिया। इसके बाद वेदांता ग्रुप की कम्पनी हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड में नौकरी भी मिल गई।
जिंक की अंडरग्राउंड खदानों के लिए माइनिंग प्लानिंग के नक्शे बनाने और जरूरत के मुताबिक मशीनों को डिजाइन करने वाले रवीन्द्र को आने-जाने में परेशानी होती थी, इसके लिए उन्होंने एक कार खरीदी और उसे चलाना भी सीख लिया लेकिन पैरों के सामान्य रूप से काम न करने के कारण ड्राइविंग में परेशानी होती थी। वे कहते हैं कि परेशानी मेरी थी सो उससे छुटकारा भी मैं अपनी कोशिशों से ही पा सकता था।
मशीनों की डिजाइनें बनाने में जुटे रहने वाले रवीन्द्र ने अपनी गाड़ी के लिए भी एक ऐसी मशीन बनाने की ठान ली जो उनकी जरूरत के मुताबिक हो यानी ऐसी मशीन जो उनके पैरों का काम कर सके। वे इसके लिए जुट गए। काफी कोशिशों के बाद वे एक ऐसी डिवाइस बनाने में कामयाब हुए जो कार के मैकेनिज्म के साथ फिट हो सकती थी और उनकी जरूरतें पूरी कर सकती थी। कार के लिए डिवाइस तो बन गई लेकिन इसके उपयोग के लिए आरटीओ ने इजाजत नहीं दी। इसके उपयोग के लिए सरकार की ओर से न तो कोई तकनीकी परीक्षण किया गया था, न ही कोई एप्रूवल था। पुणे में स्थित आटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया को इस डिवाइस के एप्रूवल के लिए भेजा गया। देश भर में इस मशीन के काम करने की क्षमता के परीक्षण के लिए रिसर्च की गई। इस रिसर्च का व्यय केंद्र सरकार के साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट ने उठाया। एक तरफ जहां रवीन्द्र की बनाई हुई मशीन पर सरकार की रिसर्च चल रही थी वहीं दूसरी तरफ उन्होंने इस मशीन के पेटेंट के लिए आवेदन कर दिया। उन्हें जल्द ही इसका पेटेंट हासिल भी हो गया। उधर साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट ने भी उनकी डिवाइस को हरी झंडी दे दी।
जब सरकारी इजाजत मिल गई और रवीन्द्र को उनके आविष्कार का पेटेंट भी मिल गया तो वे बेफिक्र हुए और लम्बी ड्राइव पर उदयपुर से सोमनाथ (गुजरात) निकल पड़े। इस सफर में उनको रास्ते में कई स्थानों पर टोल देना पड़ा जो काफी आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला था। इस सफर ने उनको दिव्यांगों के लिए बने विशेष वाहनों को टोल से छूट दिलाने के लिए संघर्ष के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पत्र लिखे। उनके पत्र पर शुरुआत में तो कुछ नहीं हुआ लेकिन वे कोशिशें जारी रखते हुए चिट्ठियों पर चिट्ठियां लिखते रहे। करीब एक साल तक लगातार मशक्कत करने के बाद उनके प्रयास रंग लाए और आठ जून, 2016 को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एक अधिसूचना जारी करके दिव्यांगों के लिए बने विशेष वाहनों को टोल फ्री करने की अधिसूचना जारी कर दी। प्राधिकरण ने सभी टोल बैरियरों पर इसके बारे में सूचना लिखने के निर्देश दिए। इन वाहनों से टैक्स वसूली पर टोल संचालकों पर कार्रवाई का भी नियम बनाया गया है।
लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कीर्तिमान
रवीन्द्र पाण्डेय ने दिव्यांगों के लिए ऐसी डिवाइस बनाई जिससे कार सिर्फ हाथों के उपयोग से ड्राइव हो सकती है। उन्होंने जब इस तरह की कार से 70 हजार किलोमीटर की ड्राइव पूरी कर ली तो लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उनका यह कीर्तिमान नेशनल रिकॉर्ड में शामिल कर लिया। खुद खास डिवाइस बनाकर हजारों किलोमीटर कार चलाने का उनका यह रिकॉर्ड है। उन्हें 2011 में राजस्थान सरकार ने निःशक्तजन कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने पर राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया। 

रवीन्द्र के परिवार में उनकी मां, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। 52 वर्षीय रवीन्द्र पाण्डेय ने कभी अपनी कमजोरी को अपनी मजबूरी नहीं बनने दिया। वे परिवार की गाड़ी तो दिव्यांग होने के बावजूद आम लोगों की तरह चला ही रहे हैं, सड़कों पर अपनी खास गाड़ी भी पूरे आत्मविश्वास के साथ दौड़ा रहे हैं। उनका परिवार उन पर गर्व करता है। रवीन्द्र की कहानी कुदरत के दिए जख्मों को अभिशाप मान लेने वालों को रास्ता दिखाकर प्रेरित करने वाली है।

सोमवार, 10 अक्टूबर 2016

आंखें नहीं सफलता के लिए विजन जरूरीः श्वेता मंडल

इस दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने अपने बूते दुनिया को बदल कर रख दिया है। ऐसे ही महान लोगों में कितने ऐसे हैं जो विकलांग हैं लेकिन अपनी शारीरिक संरचना को बहाना न बनाकर उन्होंने अपने नाम को स्वर्णिम अक्षरों में दुनिया के सामने स्थापित किया है। आंखें न होने के बाद भी भारत की बेटी श्वेता मण्डल ने अपनी दृढ़-इच्छाशक्ति से दिखाया कि वह किसी से कम नहीं।
श्वेता देख नहीं सकतीं लेकिन उनका जज्बा गजब का है। रांची विश्वविद्यालय की छात्रा श्वेता ने ह्यूमन राइट्स पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री (2011-13) में टॉप कर दिखा दिया कि वह किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकती हैं। श्वेता को इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय में आयोजित 29वें दीक्षांत समारोह में गोल्ड मैडल से नवाजा गया। सबसे बड़ी बात यह है कि श्वेता ने यह उपलब्धि ब्रेल की सहायता के बिना हासिल की। टॉपर बनीं श्वेता दिल्ली के जवाहर लाल विश्वविद्यालय से एमफिल और पीएचडी की पढ़ाई की। श्वेता को बचपन में ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी हो गई। इस बीमारी के इलाज के दौरान रेडिएशन का प्रयोग किया गया जिसका साइड इफेक्ट सालों बाद दिखाई दिया और 10वीं में पढ़ने के दौरान उनकी आंखों की रोशनी पूरी तरह चली गई। लेकिन यह हादसा उनका हौसला नहीं तोड़ पाया। आंखों की रोशनी नहीं होने के चलते उन्होंने अपनी पढ़ाई रिकॉर्डिंग के जरिए की। जवाब लिखने के लिए परीक्षा में उन्हें एक हेल्पर भी दिया गया। लोगों को लगा कि इस तरह परीक्षा पास होना मुश्किल ही है लेकिन 10वीं की परीक्षा में 72 फीसदी नम्बर लाकर श्वेता ने सभी को हैरान कर दिया। बता दें कि 2014 में उन्होंने ह्यूमन राइट्स से नेट भी क्वालीफाई किया।
अपने बारे में बात करते हुए श्वेता कहती हैं कि उनको जन्म से यह समस्या नहीं थी इसलिए उन्होंने कभी ब्रेल लिपि सीखने के बारे में नहीं सोचा। उनके माता-पिता ने हर कदम पर उनका साथ दिया और अपनी सफलता का श्रेय वह उन्हीं को देती हैं। श्वेता के संघर्ष के बारे में उनकी मां बताती हैं कि वह अपनी किताबें साथ क्लीनिक में लेकर आती थी। वह चैप्टर्स को पढ़ती थी और उन्हें एक कैसेट में रिकॉर्ड कर लेती थी। अगले दिन श्वेता इस रिकॉर्डिंग को सुनती थी।

श्वेता बताती हैं कि उन्होंने कभी ब्रेल नहीं सीखी और न ही उनके पास ब्रेल की कोई किताब रही। जब वह ग्रेजुएशन में पहुंचीं तो उन्होंने बहुत सी किताबें और जरनल पढ़े। इसके बाद श्वेता ने टेक्नोलॉजी को अपना दोस्त बना लिया है। वह कहती हैं कि कम्प्यूटर और लैपटॉप के माध्यम से पढ़ाई जारी रखने में उन्हें बेहतर सहयोग मिला। जॉब एक्स विद स्पीच नामक सॉफ्टवेयर उनके लिए काफी कारगर साबित हुआ। अपनी इस कामयाबी पर श्‍वेता का कहना है कि ज्योति यानी रोशनी से ज्यादा जरूरी है आपके पास दृष्टि यानी विजन का होना। उन्होंने इसी को फॉलो किया और आगे भी इसी के दम पर आगे बढ़ना चाहती हैं।

एक पैर से साइकिल चलाने का बनाया रिकॉर्ड



आदित्य मेहता के नाम दर्ज हैं कई कीर्तिमान
एशियन पैरासाइकिलिंग चैम्पियन और 2013 में डबल सिल्वर मैडल जीतने वाले हैदराबाद के आदित्य मेहता की कहानी किसी के भी अंदर कुछ कर गुजरने का जज्बा पैदा कर सकती है। आदित्य का एक पैर नहीं है यह सुनकर कोई भी सहानुभूति से भर जाएंगा लेकिन आदित्य का जोश ऐसा है जो किसी मुर्दे में भी जान डाल सकता है।
आदित्य हैदराबाद के सिकंदराबाद की उद्योग घराने से ताल्लुक रखते हैं। बिजनेस में शुरू से ही दिलचस्पी के चलते उन्होंने टेक्सटाइल की फील्ड में अपना बिजनेस शुरू किया। इसमें कामयाबी भी मिली लेकिन एक दिन अचानक ही हैदराबाद में हुए हादसे में उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा। हादसे के बारे में पूछे जाने पर वह बताते हैं कि मैं पूरी तरह टूट गया था और अपना बिजनेस भी मैंने बंद कर दिया था। सच तो यह है कि जीवन से जुड़ी हर उम्मीद मैंने छोड़ दी थी। लेकिन जिन्दगी हमें उम्मीदों के रास्ते हमेशा दिखाती रही। ऐसा ही एक रास्ता दिखा आदित्य को जब उन्होंने हैदराबाद में बने बाई-साइकिलिंग क्लब के विज्ञापन को देखा। विज्ञापन देखते ही उन्होंने तय किया कि अपनी शारीरिक कमी को पीछे छोड़ वह साइकिलिंग में नया मुकाम बनाएंगे।
उनके लिए यह सफर आसान नहीं था। साइकिलिंग के साथ पहला अनुभव उनके लिए बेहद निराशाजनक था। उनको जो कृत्रिम पैर लगाया गया था, उससे साइकिल के पैडल को चलाना आसान नहीं था। इस समस्या का समाधान करने के लिए उन्होंने खुद ही एक ऐसा कृत्रिम पैर डिजाइन किया जिससे साइकिल को आसानी से चलाया जा सके। आमतौर पर ऐसा किया जाना आसान नहीं था। खैर, पूरे 18 महीने की कड़ी मेहनत के बाद वह प्रोफेशनल पैरासाइकिलिस्ट बनें और 2013 में उनका लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज हुआ।
आदित्य मेहता हैदराबाद से बैंगलूरु का सफर साइकिल से तीन दिन में पूरा कर चुके हैं। वह मनाली से लेह-खरदूंगला को फतह करने निकले और इस दौरान 13050 फुट ऊंचे रोहतांग पास को पार किया। यही नहीं उन्होंने लंदन से पेरिस का 520 किलोमीटर का सफर तीन दिन में तय करके एक नया रिकॉर्ड बनाया। आदित्य ने कश्मीर से कन्याकुमारी के बीच का 3600 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय कर नया रिकॉर्ड भी बना दिया। अपने इस रिकॉर्ड के लिए उन्होंने इस रूट में आने वाले देश के 36 शहरों का सफर 36 दिनों में तय किया। बेशक यह रिकॉर्ड आम आदमी के बस की बात नहीं हो लेकिन धुन के पक्के आदित्य यह कारनामा कर दिखाया।

अपने इस सफर के बारे में आदित्य बताते हैं कि इस दौरान थकान के अलावा भी कई परेशानियां उनके सामने आईं। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनकी नाक से खून आने लगा, पैर में चोटें आईं और त्वचा भी कई जगहों से कट गई थी। इस सफलता पर आदित्य कहते हैं कि साइकिलिंग से मुझे जिन्दगी में रफ्तार मिलती है। उनका यह भी कहना है कि लगन और पक्की धुन के दम पर इंसान असम्भव को भी सम्भव कर दि‍खाता है। पैरा साइकिलिस्ट आदित्य मेहता नशे के खिलाफ अभियान चला चुके हैं। उन्होंने युवाओं से नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशा ही करना है तो साइकिलिंग का करें। इससे वे हमेशा तंदुरुस्त रहेंगे। उन्होंने कहा कि युवा जंक फूड, चाय, कोल्डड्रिंक और वसा मुक्त भोजन से बचें। अभिभावक अपने बच्चों को भी इन चीजों से दूर रखें।